मानेश्वर समाचार।
चंपावत 30 जुलाई 2025
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में NCORD बैठक सम्पन्न*
*समूह सहभागिता, समन्वय और सतर्कता से नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही पर जोर*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार शाम जिला सभागार में नशा समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में नशा उन्मूलन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रहे प्रयासों को और अधिक प्रभावी व समन्वित बनाने के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि “नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सभी विभागों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने पुलिस विभाग को सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित छापेमारी करने एवं मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनपद चंपावत में पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025 में अब तक कुल 823.5 नाली भांग की खेती का विनिष्टीकरण किया गया है, जिसमें पाटी में 631 नाली, पंचेश्वर में 55 नाली, रीठासाहिब में 125 नाली, चंपावत में 10 नाली तथा लोहाघाट में 2.5 नाली भांग की खेती नष्ट की गई है।इसके अतिरिक्त 1 जुलाई से 28 जुलाई 2025 के मध्य NDPS एक्ट के अंतर्गत कुल 5 अभियोग पंजीकृत हुए हैं, जिनमें 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभागों को निर्देशित किया कि वे विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर अभियान, नुक्कड़ नाटक, रैली और कार्यशालाएं नियमित रूप से संचालित करें।बैठक में नशा पीड़ितों के लिए समुचित चिकित्सा एवं पुनर्वास सेवाएं जनपद में सुलभ कराए जाने पर भी चर्चा हुई ताकि प्रभावित युवाओं को मुख्यधारा में लौटने का अवसर मिल सके।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि “नशा मुक्त समाज की परिकल्पना केवल प्रशासनिक कार्रवाई से संभव नहीं, इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।” उन्होंने आमजन से समुदायिक जिम्मेदारी के तहत पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सक्रिय भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर जागरूकता और निगरानी में इनकी सहभागिता अत्यंत प्रभावशाली हो सकती है।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे नशा मुक्त अभियान को प्राथमिकता पर लें और आपसी समन्वय के साथ इस दिशा में निरंतर, ठोस और परिणामकारी प्रयास करें।बैठक में उप जिलाधिकारी चंपावत अनुराग आर्य, एसिस्टेंट कमांडेंट एसएसबी करन चौहान, पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवराज सिंह राणा, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, आरटीओ सुरेंद्र कुमार, एसीएमओ डॉ इंद्रजीत पांडे, जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र लाल शाह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत, ईई लोनिवि चंपावत एम सी पलड़िया, लोहाघाट हितेश कांडपाल सहित अन्य उपस्थित रहे।
