*चम्पावत, 27 जून 2026
*28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, सभी अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अवश्य पिलाएं पोलियो की दो बूंद : जिलाधिकारी*
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के दिशा निर्देशों के क्रम में आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के सफल संचालन एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के उद्देश्य से 28 जून से जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ होगा।
इस क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि पोलियो उन्मूलन राष्ट्रीय प्राथमिकता का विषय है तथा अभियान के दौरान दूरस्थ, दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों सहित जनपद के प्रत्येक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।उन्होंने कहा श्रमिकों के परिवारों, घुमंतू समुदाय और अन्य प्रवासी परिवारों के बच्चों पर विशेष ध्यान रहेगा, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
उन्होंने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस (AFP) मामलों की सतत निगरानी एवं जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान की सफलता में आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. मीनाक्षी ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण दिवस 28 जून 2026 को जनपद के सभी निर्धारित बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए घर-घर अभियान संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों चम्पावत, लोहाघाट एवं बाराकोट में 29 एवं 30 जून तथा मैदानी क्षेत्र टनकपुर में 29 जून से 4 जुलाई 2026 तक घर-घर भ्रमण अभियान चलाया जाएगा। अभियान प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक संचालित होगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी देवेश चौहान ने जानकारी देते हुये बताया कि जनपद में 0 से 05 वर्ष के बच्चो की संख्या 27301 है जिन्हे इस अभियान में कवर किया जाना है, इसके लिए जनपद में कुल 269 बूथ बनाये गये हैं जिनके लिए 85 सुपरवाइजर एवं 1076कार्मिकों को लगाया गया है। उन्होंने बताया घर घर पोलियो अभियान के लिए कुल 438 टीमे गठित की गयीं हैं जिसके लिए 88 सुपरवाइजर एवं 876 कार्मिकों को लगाया गया है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा पोलियो की दो बूंद पिलाकर उन्हें पोलियो से सुरक्षित रखने में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
Jaya punetha editor in chief ।




