चम्पावत,
*विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित*
*मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी दलों से सहयोग की अपील*
*’Book-a-Call with BLO’ एवं ECINet ऐप के उपयोग की दी विस्तृत जानकारी*
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय चम्पावत में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी /उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है तथा आवश्यक अभिलेख प्राप्त किए जा रहे हैं।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने कार्यकर्ताओं एवं बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं समयबद्ध रूप से दर्ज हो सके और कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रहे।
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं बीएलए-1 से अनुरोध किया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत नियुक्त बीएलए-2 को बूथ स्तर अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नोटिस वितरण, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा सत्यापन प्रपत्रों के कार्य में सहयोग सुनिश्चित करें। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रारंभ की गई “Book-a-Call with BLO” सुविधा की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस माध्यम से मतदाता सीधे अपने बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आलेख्य प्रकाशन के उपरांत नोटिस प्राप्त होने पर विभिन्न श्रेणियों के मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक अभिलेखों की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त बूथवार सत्यापन, मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग की विशेष रणनीति तथा मतदाता सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मतदाताओं को ECINet ऐप एवं वोटर हेल्पलाइन-1950 का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए भी प्रेरित करने पर बल दिया गया।बैठक में उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा अभियान के सुचारु संचालन पर संतोष व्यक्त किया।
बैठक में जिला अध्यक्ष इंडियन नेशनल कांग्रेस श्री चिराग फर्त्याल, भारतीय जनता पार्टी के बीएलए-1 (55-चम्पावत विधानसभा क्षेत्र) श्री शंकर दत्त पाण्डेय, इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधि श्री सौरभ सिंह , कांग्रेस के नगर मंत्री श्री चन्द्रशेखर, डीएलएमटी डॉ. नारायण सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेन्द्र सिंह अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय के कनिष्ठ सहायक श्री विपिन सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




