कीवी, मशरूम और मधुमक्खी पालन को मिलेगा प्रोत्साहन ।

चम्पावत 14 सितम्बर 2025

*कीवी, मशरूम और मधुमक्खी पालन को मिलेगा प्रोत्साहन*

*जिलाधिकारी ने किया कृषि एवं बागवानी गतिविधियों का निरीक्षण – आत्मनिर्भर किसान बनाने पर दिया बल*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने पाटी विकासखण्ड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर किसानों द्वारा संचालित बागवानी, मधुमक्खी पालन, कीवी उत्पादन एवं कृषि गतिविधियों का निरीक्षण किया।

यह निरीक्षण जनपद में कृषि विविधीकरण एवं किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयासों के अंतर्गत किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने झुडेली ग्राम पंचायत में श्री नवीन चन्द्र पचौली के कीवी बगीचे एवं श्री पूरन राम द्वारा किए जा रहे मधुमक्खी पालन का अवलोकन किया। उन्होंने गरसठी गांव में श्री युवन चन्द्र गहतोड़ी एवं श्री भूपेन्द्र गहतोड़ी के कीवी बगीचों तथा महली तोलावों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रगतिशील काश्तकार दयाराम सहित अन्य किसानों से मुलाकात कर बागवानी, मत्स्य पालन एवं कृषि उत्पादों के विपणन में आने वाली चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली और उनके सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय बागवानी मिशन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आदि की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, कीवी एवं अन्य फलोत्पादन, मत्स्य पालन तथा फूलों की खेती जैसे आधुनिक एवं लाभकारी विकल्पों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां किसानों को बेहतर आय के अवसर प्रदान करने के साथ ही गांव स्तर पर रोजगार सृजन को भी गति देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन किसानों के लिए शीघ्र ही प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करेगा, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, बागवानी एवं मूल्य संवर्धन तकनीकों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी श्री हरीश लाल कोहली, एडीओ उद्यान श्री प्रदीप कुमार पचौली एवं ग्राम विकास अधिकारी श्री हितेश सिंट भी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement