चंपावत
*भारी बारिश के बीच चम्पावत में आवागमन को सुचारू बनाए रखने हेतु सड़कों में जेसीबी तैनात , मार्गो को सुचारू रखने का कार्य निरंतर जारी,जिलाधिकारी ने नागरिकों से सतर्कता और सहयोग की अपील की*
जनपद में लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वर्षा के कारण जनपद के विभिन्न मोटर मार्गों पर आए मलबे, पत्थरों और बोल्डरों को हटाने का कार्य निरंतर गतिमान है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में सभी सड़क निर्माण एजेंसियां लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई लगातार संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर रही हैं तथा जेसीबी मशीनों के माध्यम से मार्गों को तत्काल साफ किया जा रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य कम से कम ‘रिस्पांस टाइम’ में सभी अवरुद्ध सड़कों को खोलकर यातायात बहाल करना है ताकि आम जनता को यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वर्षा की स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और अनावश्यक आवागमन से बचें।
उन्होंने तटीय, नदी-नालों के समीपवर्ती एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि आम नागरिकों की सुरक्षा हेतु सभी आपदा बचाव एवं राहत इकाइयों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा जाए और समय रहते सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
किसी भी आपात स्थिति, आपदा या मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस अथवा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को देने हेतु जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र, चम्पावत में हेल्पलाइन सेवा निरंतर कार्यरत है। नागरिक लैंडलाइन नंबर 05965-230819 एवं 05965-230703 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मोबाइल व हेल्पलाइन नंबर 7895318895, 7579060090 और 9528135726 तथा टोल फ्री नंबर 1077 पर भी सीधे सूचना दी जा सकती है। नागरिक अपनी ई-मेल के माध्यम से जानकारी deoccpt@gmail.com पर भेजकर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकते हैं।




