ट्रेनों में आग की घटनाओं पर सख्त हुआ भारतीय रेल ।

Spread the love

नई दिल्ली 20 मई। देशभर में ट्रेनों में आग लगने की हालिया घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए भारतीय रेल ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में कई मामलों में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता सामने आई है, जिससे रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है।

जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को कई चौंकाने वाले तथ्य मिले हैं। राजस्थान के अमरपुरा स्टेशन के पास एक ट्रेन में आग लगने की घटना में किसी व्यक्ति द्वारा लिनेन (बिस्तर सामग्री) को जानबूझकर जलाने का प्रयास किया गया था, जो आग का कारण बना।इसी तरह हावड़ा में आग लगी ट्रेन के बाथरूम से पेट्रोल में भीगा हुआ कपड़ा बरामद हुआ, जबकि कोटा में राजधानी ट्रेन में भी आग की शुरुआत बाथरूम से ही हुई थी। सासाराम में हुई घटना में ट्रेन और कोच खाली थे तथा वहां कोई पावर जनरेटर भी मौजूद नहीं था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने अंदर जलती हुई वस्तु फेंकी होगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमरपुरा और हावड़ा की घटनाओं में रेल कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

भारतीय रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर निगरानी और कार्रवाई जारी है।

Jaya punetha editor in chief ।