त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के दृष्टिगत आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही , कुल 19.75 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद।

मानेश्वर समाचार।

02 जुलाई 2025

 

*त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के दृष्टिगत आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बरामद*

 

*टनकपुर में दो अलग-अलग अभियानों में कुल 19.75 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त, दो अभियोग दर्ज*

 

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवधानरहित संपन्न कराने तथा जिले में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण एवं तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग चंपावत द्वारा लगातार सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

 

इसी क्रम में 30 जून 2025 को टनकपुर क्षेत्र में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान 9.75 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹4,143.75 है। इस संबंध में एक अभियोग भी पंजीकृत किया गया है।

 

इसके अतिरिक्त 01 जुलाई 2025 को भी टनकपुर क्षेत्र में कार्रवाई की गई, जिसमें 10 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4,250.00 आँकी गई है। इस पर भी एक अभियोग दर्ज किया गया है।

 

जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेंद्र लाल शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि, “जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। हमारा उद्देश्य न केवल अवैध मदिरा कारोबार पर अंकुश लगाना है, बल्कि जनता को एक सुरक्षित एवं नशा मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना भी है।”

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में इस प्रकार की प्रवर्तन कार्रवाई और अधिक सघन एवं व्यापक स्तर पर जारी रहेगी, जिससे अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

 

जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अवैध शराब निर्माण या बिक्री की कोई सूचना प्राप्त हो, तो तत्काल विभाग या प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement