लोहाघाट क्षेत्र में गुलदार का आतंक, एक व्यक्ति की मौत – मवेशियों और कुत्तों पर भी हमले जारी।
लोहाघाट। क्षेत्र में गुलदार का आतंक एक बार फिर बढ़ गया है। बुधवार की शाम ग्राम पंचायत मंगोली के धूरा तोक में गुलदार ने एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान भुवन राम (45 वर्ष) पुत्र देव राम निवासी धूरा गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शाम को खेतों से घर लौट रहे थे, इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया।
जब भुवन राम देर रात तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोज के दौरान मार्ग पर खून के धब्बे दिखे, जिनका पीछा करते हुए परिवार के लोग घटनास्थल तक पहुंचे, जहां उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. राकेश जोशी, डॉ. चित्रलेखा और डॉ. सुरेश जोशी के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया।
वन क्षेत्राधिकारी एन.डी. पांडे ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए तीन पिंजरे लगाए गए हैं और क्षेत्र में विभागीय कर्मचारियों की नियमित गश्त जारी है। इस बीच, गुलदार द्वारा मवेशियों और पालतू कुत्तों पर भी लगातार हमले किए जा रहे हैं। गुरुवार तड़के फोर्ती गांव में घूमने निकले एक व्यक्ति के कुत्ते पर गुलदार ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल कुत्ते का ऑपरेशन राजकीय पशु चिकित्सालय लोहाघाट में डॉ. जे.पी. यादव और मुख्य फार्मासिस्ट जनक चंद की टीम द्वारा किया गया।
Jaya punetha editor in chief ।



