चम्पावत 25 मार्च 2026
*विशेष गहन पुनरीक्षण से पूर्व बीएलओ/सुपरवाइजरों का व्यापक प्रशिक्षण संपन्न; पारदर्शी एवं सुदृढ़ निर्वाचन व्यवस्था की दिशा में अहम पहल*
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु जनपद चम्पावत में व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में 20 से 24 मार्च 2026 तक जनपद की विभिन्न तहसीलों में बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा पुनरीक्षण कार्य के लिए विस्तृत रूट मैप तैयार करने, प्रत्येक तहसील कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा फील्ड स्तर पर कार्यरत कार्मिकों को अद्यतन प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के अनुपालन में 55-चम्पावत एवं 54-लोहाघाट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत विभिन्न तहसीलों में निर्धारित तिथियों पर प्रशिक्षण आयोजित किए गए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तहसील लोहाघाट में 20 मार्च को वन पंचायत भवन में, तहसील बाराकोट में 20 मार्च को ब्लॉक कार्यालय सभागार में, तहसील पाटी में 23 मार्च को तहसील सभागार में, तहसील चम्पावत में 23 मार्च को तहसील कार्यालय में तथा तहसील पूर्णागिरी (टनकपुर) में 24 मार्च को गंगा हॉल सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इन प्रशिक्षण सत्रों में बड़ी संख्या में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों ने प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार प्रतिभागियों को तकनीकी एवं प्रायोगिक दोनों प्रकार का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा त्रुटि संशोधन जैसी प्रक्रियाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
नोडल अधिकारी प्रशिक्षण (एसआईआर) 54-लोहाघाट श्री नारायण सिंह रावत एवं 55-चम्पावत श्री मान सिंह ने पुनरीक्षण कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए समयबद्धता, फील्ड सत्यापन एवं पारदर्शिता को इस अभियान के प्रमुख स्तंभ बताया। उन्होंने सभी कार्मिकों से निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का आह्वान किया।
सहायक नोडल अधिकारी 55-चम्पावत श्री जीवन कलोनी एवं 54-लोहाघाट श्री प्रकाश चंद्र उपाध्याय द्वारा पुनरीक्षण प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराते हुए फॉर्म्स के सही उपयोग, डाटा एंट्री, सत्यापन प्रक्रिया एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के महत्व पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बूथवार व्यवस्थाओं, टीम गठन, सुपरविजन तंत्र की सुदृढ़ता तथा दैनिक प्रगति रिपोर्टिंग के संबंध में भी विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति अधिक सजग, जिम्मेदार एवं दक्ष बनाया गया, जिससे आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
प्रशिक्षण में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, संबंधित तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
Jaya punetha editor in chief ।




