जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान लोहाघाट में शुरू हुआ ‘करो योग–रहो निरोग’ प्रशिक्षण।
शिक्षकों के स्वस्थ जीवन व गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर रहेगा विशेष फोकस ।
लोहाघाट। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान लोहाघाट में सोमवार को तीन दिवसीय ‘करो योग–रहो निरोग’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्राचार्य श्री कृष्ण सिंह ऐरी, प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. लक्ष्मी शंकर यादव, योगाचार्य ललित मोहन, वरिष्ठ योग शिक्षक लक्ष्मण सिंह मेहता एवं योग अनुदेशिका सोनिया आर्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से की गई।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कृष्ण सिंह ऐरी ने कहा कि योग अब जीवन पद्धति बन चुका है, जिसे शिक्षण संस्थानों में अनिवार्य रूप से लागू करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा—“जब तक शिक्षक स्वयं स्वस्थ नहीं होगा, वह स्वस्थ और सशक्त समाज कैसे तैयार करेगा।” कार्यशाला समन्वयक डॉ. लक्ष्मी शंकर यादव ने बताया कि जनपद के उच्च प्राथमिक, प्राथमिक एवं इंटरमीडिएट स्तर के लगभग 35 शिक्षक-शिक्षिकाएं इस प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए सैद्धांतिक व प्रयोगात्मक दोनों प्रकार की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
आयुष विभाग के डॉ. सुधाकर गंगवार ने कहा कि
“रोगी के रोग का इलाज और स्वस्थ व्यक्ति की रक्षा—यही आयुर्वेद का मूल आधार है।”
उन्होंने प्रज्ञा अपराध, पंचतत्व, तीन दोष, प्रकृति परीक्षण तथा
अस्थमा, एलर्जी, शुगर, बीपी, अपच, एसिडिटी, गठिया, वात-पित्त-कफ संबंधी रोगों व उनकी जड़ी-बूटियों एवं आयुर्वेदिक औषधियों पर विस्तृत जानकारी दी। जनपद में योग की पूर्व में अलख जगा चुके पतंजलि योग समिति के संस्थापक जिला प्रभारी शिक्षक लक्ष्मण सिंह मेहता ने योग की प्रासंगिकता एवं विद्यार्थी जीवन में योग की भूमिका पर प्रभावशाली व्याख्यान प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग सर्वाधिक आवश्यक साधन बन चुका है। प्रशिक्षण के पहले दिन ललित मोहन और सोनिया आर्य ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम व व्यायाम का अभ्यास कराया।
सोनिया आर्य ने योग प्रार्थना प्रस्तुत की एवं सैद्धांतिक कक्षा में शरीर की तात्त्विक संरचना, पथ्य–अपथ्य आदि विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
योगाचार्य ललित मोहन ने योग की परिभाषा, उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा व्यावहारिक उपयोग पर चर्चा की तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर दिया। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती भगवती जोशी, मंजू मेहता, इन्द्रलाल वर्मा, खिलानंद, दिनेश, रोहित, ललित बिष्ट, प्रवक्ता नवीन जोशी, मधु कॉलोनी, सुनीता मेहरा सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।

