चम्पावत 02 जनवरी, 2026
**नोडल अधिकारी का व्यापक भ्रमण, सफाई एवं विकास कार्यों पर विशेष जोर।*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार माननीय मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर के नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल ने आज टनकपुर नगर क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर आमजन से सीधी मुलाकात करी।
इस दौरान उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। श्री बृजवाल ने तत्काल प्रभाव से अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका टनकपुर से सफाई व्यवस्था में शीघ्र सुधार लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि नगर की स्वच्छता आमजन का मूलभूत अधिकार है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा, जनप्रतिनिधियों, वार्ड सभासदों द्वारा उठाई गई प्रकाश व्यवस्था, सड़कों एवं नालियों से जुड़ी समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश भी दिए गए। नोडल अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
भ्रमण के दौरान श्री बृजवाल ने स्थानीय नागरिकों, पत्रकार बंधुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ चाय पर गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान नगर में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों तथा विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तृत संवाद किया गया।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनी रहे।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि “आदर्श चंपावत” की परिकल्पना को साकार करने हेतु माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा संकल्प है।




