*जिलाधिकारी ने पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश*
*तीनों परीक्षा केंद्रों पर सुबह 7 बजे से तैनात रहेगा पुलिस बल, 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी करने के निर्देश*
*चम्पावत, 24 नवंबर 2026, सूवि।*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने मंगलवार को जिला सभागार में आगामी रविवार को आयोजित उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये । उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परीक्षा रविवार, 29 नवंबर को चम्पावत नगर के तीन केंद्रों, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट शहीद राहुल रैंसवाल राजकीय इंटर कॉलेज, कनलगांव और विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जूप में होगी। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन और दूसरी पाली में अपराह्न 2 बजे से 4 बजे तक सामान्य बुद्धिमत्ता परीक्षा का प्रश्नपत्र होगा।
जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को परीक्षा के दिन सुबह 7 बजे से प्रत्येक केंद्र पर मेटल डिटेक्टर के साथ पर्याप्त महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी चम्पावत को परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी करने के निर्देश भी दिए।
अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी को नोडल अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह को सह-नोडल अधिकारी और उप जिलाधिकारी विपिन चन्द्र पन्त को जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। दोनों पालियों के लिए केंद्रवार सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने केंद्रों पर पेयजल, बिजली और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था के साथ अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा।
इस दौरान डीएफओ धिनो पुरुषोत्तम, एसडीएम बी.सी. पंत, सीएओ डी. कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह,जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief.




