चम्पावत 04 अक्टूबर 2025
*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने किया खुरपका-मुँहपका (FMD) टीकाकरण अभियान का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ, 1.25 लाख पशुओं को लगेगा टीका*
पशुपालन विभाग, जनपद चंपावत द्वारा खुरपका – मुँहपका (Foot – and – Mouth Disease – FMD) रोग से बचाव हेतु 45 दिवसीय टीकाकरण अभियान का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान को रवाना किया।
अभियान का उद्देश्य जनपद के पशुधन को इस संक्रामक रोग से बचाना, उनकी उत्पादकता बढ़ाना और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से सुरक्षित करना है। जिलाधिकारी ने पशुपालकों से अपील की कि वे अभियान का लाभ उठाएं और अपने सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।
इस अवसर पर मा. नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडेय, मा. ब्लॉक प्रमुख चंपावत श्रीमती अंचला बोहरा सहित जनप्रतिनिधिगण, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी तथा उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह अभियान 04 अक्टूबर से 17 नवम्बर 2025 तक चलेगा। जिसमें जनपद में कुल 1,25,000 पशुओं (80,000 बड़े एवं 45,000 छोटे) का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग ने 40 टीमों में 100 से अधिक कार्मिकों की तैनाती की है। सभी टीमें गांव-गांव जाकर घर-घर पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करेंगी।
*3 माह से छोटे बछड़े/पशु एवं 6 माह से अधिक अवधि के गर्भवती पशुओं को टीकाकरण से बाहर रखा जाएगा।*
अभियान शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक भी सम्पन्न हुई। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल जोशी ने जानकारी दी कि यह जनपद में खुरपका-मुँहपका रोग नियंत्रण हेतु संचालित सातवां (बड़े पशुओं हेतु) और तीसरा (छोटे पशुओं हेतु) अभियान है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान का पूर्व प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि पशुपालक समय पर जानकारी प्राप्त कर सकें और अपने पशुओं का टीकाकरण करवा सकें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण जनता को भी इस अभियान से जोड़ा जाए ताकि 100% लक्ष्य प्राप्त हो सके।
पशुपालन विभाग ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे टीकाकरण टीमों का सहयोग करें और अपने पशुओं को रोगमुक्त रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
Jaya punetha editor in chief ।




