*स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 प्रवेश शुरू: चम्पावत की प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर*।

Spread the love

चम्पावत 21 अप्रैल 2026

*स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 प्रवेश शुरू: चम्पावत की प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर*

*खेलों में करियर का मजबूत मंच—अब सपनों को मिलेगी नई उड़ान*

उत्तराखंड के प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स कॉलेजों में आगामी शैक्षणिक सत्र हेतु कक्षा 6 में प्रवेश प्रक्रिया आधिकारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। यह पहल प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रारंभिक स्तर से ही पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री चंदन सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद चम्पावत की बालिकाओं के लिए बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज, चम्पावत में एथलेटिक्स, बैडमिंटन एवं बॉक्सिंग जैसी खेल विधाओं में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का विशेष अवसर उपलब्ध है। साथ ही जनपद के इच्छुक बालक एवं बालिकाएं राज्य के अन्य प्रमुख संस्थानों—महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून तथा श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़—में भी अपनी रुचि के अनुसार प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। इन संस्थानों में एथलेटिक्स, फुटबॉल, क्रिकेट, हॉकी, वॉलीबॉल और बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाता है।

प्रवेश हेतु निर्धारित मानकों के अनुसार अभ्यर्थी की आयु 11 से 13 वर्ष के मध्य (01 जुलाई 2013 से 01 जुलाई 2015 के बीच जन्म) होनी चाहिए तथा उत्तराखंड का मूल अथवा स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता, खेल कौशल एवं प्रवीणता का परीक्षण किया जाएगा।

पंजीकरण प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट या क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जबकि ऑफलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपद के युवाओं एवं अभिभावकों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित ये आवासीय खेल संस्थान न केवल आधुनिक सुविधाएं प्रदान करते हैं, बल्कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच भी उपलब्ध कराते हैं।

Jaya punetha editor in chief ।