खटीमा 25 मई।पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विकास खंड सभागार, खटीमा में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम” में पंचायत व निकाय जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, स्वरोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को सरकार की प्राथमिकता बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और जब तक गांव सशक्त नहीं होंगे, तब तक देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे गांवों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। राज्य सरकार भी इन प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि “एक जनपद-दो उत्पाद” योजना और “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है। साथ ही स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे योजना और “वेड इन उत्तराखंड” जैसे प्रयासों से स्थानीय युवाओं को गांव में ही रोजगार मिल रहा है, जिससे पलायन पर रोक लगी है।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर प्रदेश की 2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण है। इसके अलावा रूरल बिजनेस इनक्यूबेटर सेंटर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
खटीमा क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल, आधुनिक बस स्टेशन, केंद्रीय विद्यालय, चकरपुर खेल स्टेडियम, आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड अस्पताल जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं मजबूत हुई हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि खटीमा-टनकपुर के बीच सैन्य स्मारक, किच्छा में एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, और विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। साथ ही जमरानी बांध परियोजना को पुनः शुरू कर तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था, नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार राज्य के समग्र विकास के साथ सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




