मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 06 अगस्त 2025
*निजी स्कूलों के लिए सीडीओ डॉ. खाती के निर्देश: छात्र सुरक्षा और मानकों से समझौता नहीं*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जनपद के निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा प्रबंधन एवं शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने स्पष्ट रूप से कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता और प्रशासनिक पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी निजी विद्यालयों को शासन की गाइडलाइन व दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।सीडीओ डॉ. खाती ने कहा कि सभी निजी विद्यालय अपने विद्यालय वाहनों से संबंधित चालकों और परिचालकों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं तथा बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए वाहनों की फिटनेस प्रमाणित कराना सुनिश्चित करें। शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के अंतर्गत अध्ययनरत बच्चों की छात्रवृत्ति और विद्यालयों को मिलने वाली प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी विद्यालय अपनी सोसायटी का नवीनीकरण, कक्षा अनुसार शुल्क विवरण, तथा यू-डायस पोर्टल पर वर्ष 2025-26 के लिए विद्यालय, शिक्षक एवं छात्र प्रोफाइल की जानकारी अद्यतन करें।सीडीओ ने यह भी कहा कि सभी छात्रों की एपीएआर (APAR) आईडी को स्वचालित स्थायी खाता रजिस्ट्री (Permanent Automated Registry) के रूप में अपडेट किया जाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक विद्यालय में सुरक्षा ऑडिट कराना सुनिश्चित किया जाए और छात्रों को समय-समय पर आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा आदि के बारे में जागरूक किया जाए।सीडीओ डॉ. खाती ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा के मानकों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी निजी विद्यालयों को इन निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की चेतावनी दी।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े एआरटीओ ने सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को परिवहन सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों की जानकारी दी और उनका अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रकाश सिंह जंगपांगी, एआरटीओ श्री मनोज बागोरिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी/कर्मचारी तथा जनपद के विभिन्न निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




