चम्पावत 04 दिसंबर 2025
*एआरटीओ ने दी बालिकाओं को ट्रैफिक जागरूकता की जरूरी सीख, सड़क सुरक्षा पर खुलकर हुई चर्चा*
सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग टनकपुर द्वारा पीएम श्री अटल उत्कर्ष गर्ल्स इंटर कॉलेज (GGIC) टनकपुर में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता एआरटीओ प्रवर्तन श्री मनोज बगोरिया ने की।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक की बालिकाओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं, जिनमें यातायात चिन्हों की पहचान और उनका पालन, नेक राह वीर योजना (Good Samaritan Scheme), टक्कर मारकर भागने (Hit & Run) की स्थिति में मिलने वाले क्षतिपूर्ति प्रावधान, बिना लाइसेंस वाहन चलाने को दण्डनीय अपराध माना जाना, दोपहिया वाहनों में चालक और सवारी दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्यता (धारा 129), कार में चालक एवं आगे बैठी सवारी के लिए सीट-बेल्ट अनिवार्यता (Rule 138 CMVR), स्कूल आने-जाने के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग, सड़क पार करने के नियम तथा सड़क पर जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल थे।
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए यातायात नियमों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका समाधान एआरटीओ प्रवर्तन श्री मनोज बगोरिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिवहन विभाग टनकपुर से श्री आनंद सिंह बिष्ट, सुश्री सोनिया नेगी, सुश्री निशा जोशी एवं श्री नीरज कुमार उपस्थित रहे।
परिवहन विभाग टनकपुर के अनुसार आगामी दिनों में भी शिक्षण संस्थानों, बाजार क्षेत्रों एवं ग्रामीण इलाकों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम निरंतर रूप से संचालित किए जाते रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके ।




