धान की फसल में रोग एवं कीट प्रकोप की सूचना पर कृषि विभाग के कार्मिकों ने किया स्थलीय निरीक्षण*

Spread the love

चम्पावत,

 

*धान की फसल में रोग एवं कीट प्रकोप की सूचना पर कृषि विभाग के कार्मिकों ने किया स्थलीय निरीक्षण*

 

*मटियानी गांव में फसल का जायजा लेकर लिए गए पौध एवं मिट्टी के नमूने*

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों एवं मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा जनपद में धान की फसल की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को ग्राम मटियानी में धान की फसल में आ रही समस्या की सूचना पर कृषि विभाग की टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया।

 

न्याय पंचायत प्रभारी कृषि श्री मनम चौहान एवं विकासखंड प्रभारी कृषि श्री पारस शर्मा द्वारा मौके पर पहुंचकर प्रभावित धान की फसल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक सैंपल एकत्र किए गए। स्थलीय निरीक्षण के दौरान प्राथमिक रूप से ब्राउन प्लांट हॉपर (भूरा फुदका) एवं बैक्टीरियल लीफ ब्लाइट (जीवाणु झुलसा) के प्रकोप की संभावना पाई गई है।

 

कृषि विभाग द्वारा स्थिति की वैज्ञानिक पुष्टि एवं आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रभावित क्षेत्र से पौधों एवं मिट्टी के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण हेतु भेजा जा रहा है। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद फसल में रोग एवं कीट के वास्तविक प्रकोप की स्थिति स्पष्ट होगी तथा उसके आधार पर किसानों को आवश्यक उपचार एवं नियंत्रण के संबंध में तकनीकी सलाह उपलब्ध कराई जाएगी।

 

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि धान की फसल में किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण, कीट अथवा रोग दिखाई देने पर घबराएं नहीं और तत्काल संबंधित कृषि विभाग के कार्मिकों को इसकी सूचना दें। विभागीय टीम द्वारा खेतों का निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं नियंत्रणात्मक उपायों के संबंध में किसानों को जानकारी दी जाएगी।

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कृषि विभाग को निर्देश दिए हैं कि फसलों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा आवश्यकतानुसार किसानों को समयबद्ध तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि फसल को होने वाले संभावित नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

Jaya punetha editor in chief ।