चम्पावत 08 जून 2026
*टनकपुर में पीएम स्वनिधि योजना के तहत दो दिवसीय ‘लोक कल्याण मेला’ का होगा आयोजन*
भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय तथा शहरी विकास निदेशालय के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के आदेशों के क्रम में *नगर पालिका परिषद टनकपुर में 09 और 10 जून 2026 को दो दिवसीय ‘लोक कल्याण मेला’ का आयोजन किया जा रहा है*।
इस कार्यक्रम का आयोजन *नगर पालिका कार्यालय सभागार में सुबह 11:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक किया जाएगा।*
यह मेला पूरे प्रदेश में 1 जून से 30 जून 2026 तक चलने वाले “स्वनिधि महोत्सव” और निकाय स्तर पर आयोजित होने वाले “लोक कल्याण मेला” अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका टनकपुर ऋषभ उनियाल ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के दौरान रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों (फेरी वालों) को ऋण एवं क्रेडिट कार्ड की सुगम पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी, साथ ही डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा, मेले में बैंकों, विभिन्न सरकारी विभागों और फेरी व्यवसायियों की एक संयुक्त बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिससे ‘पीएम स्वनिधि’ और ‘स्वनिधि से समृद्धि’ योजना का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
इस दो दिवसीय मेले में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी एक ही छत के नीचे दिया जाएगा। इसके तहत लाभार्थियों को जननी सुरक्षा योजना, मातृत्व वंदन योजना, वन नेशन वन कार्ड योजना, श्रमिकों का पंजीकरण योजना, श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और पीएम जन-धन योजना से जोड़ा जाएगा।
नगर पालिका परिषद टनकपुर के अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल ने अपील करते हुए कहा है कि वे इस लोक कल्याण मेले में अपनी सक्रिय भागीदारी करें ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इन योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
Jaya punetha editor in chief ।




