विपरीत परिस्थितियों में भी हिमवीर महिलाओं की लगन ने छुआ गगन।
आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन में लोहाघाट की 36वीं बटालियन की महिला वीरांगनाओं का शानदार प्रदर्शन।
लोहाघाट (चंपावत)। आदि कैलाश में आयोजित अल्ट्रा मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आईटीबीपी की 36वीं बटालियन (लोहाघाट) की महिला हिमवीरों का बटालियन परिसर में शुक्रवार को भावपूर्ण स्वागत किया गया। इस कठिन प्रतियोगिता में आईटीबीपी की विभिन्न बटालियनों के 97 जवानों ने भाग लिया, जिनमें 36वीं बटालियन की ओर से दो अधिकारियों सहित 14 जवान, जिनमें पाँच महिलाएँ भी शामिल थीं, ने हिस्सा लिया। पांच किलोमीटर महिला दौड़ में बेबी कुमारी ने प्रथम स्थान और ममता टोप्पो ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 10 किलोमीटर दौड़ में अंजनी दानू ने तीसरा स्थान हासिल किया। राजस्थान की बेबी कुमारी और झारखंड की ममता टोप्पो ने पहली बार 14,000 फिट ऊंचाई पर बर्फीली हवाओं और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में दौड़ पूरी कर इतिहास रचा। यह महिलाएं 2023 में ही आईटीबीपी का हिस्सा बनी है। आदि कैलाश में आईंजी संजय गुंज्याल द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं महिला धावकों का लगातार उत्साह वर्धन करने से वह सभी उत्साहित थे। इन्हें उत्साहित करने में डीआईजी रवी पंडित ने भी उन्हें खूब प्रोत्साहित किया। लोहाघाट स्थिति आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी में वाहिनी का नाम रोशन कर लौटी महिला धावकों का भावपूर्ण स्वागत किया गया। कमांडेंट संजय कुमार ने इस अभूतपूर्व सफलता के लिए सभी को बधाई देते हुए कहा कि आप लोग अपनी इच्छा शक्ति व लगन के बल पर जो सफलता प्राप्त कर लौटी है उससे अन्य महिला हिमवीरों को नई प्रेरणा व ऊर्जा मिलेगी। अपने सम्मान के लिए अपने अधिकारियों व हिमवीरों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका कहना था की इससे हमारा उत्साह, आत्मबल इतना बढ़ गया है कि हम में असंभव को संभव करने का जूनून पैदा हो गया है। 36वीं वाहिनी को आदि कैलाश में एक सौ मैराथन में सामिल लोगों की मेजबानी का अवसर मिला। वहां भी हिमवीरों के कार्य व व्यवहार को देखते हुए देश के विभिन्न प्रान्तों से आए हुए लोग अपने साथ मधुर स्मृतियां लेकर लौटे।
Jaya punetha editor in chief ।



