रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी — जिलाधिकारी ने किया जिला चिकित्सालय चम्पावत का निरीक्षण*।

चम्पावत 11 अक्टूबर 2025

*रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी — जिलाधिकारी ने किया जिला चिकित्सालय चम्पावत का निरीक्षण*

*जिलाधिकारी ने रात्रिकालीन निरीक्षण में अस्पताल की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन, सुधार के दिए निर्देश*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने देर रात्रि जिला चिकित्सालय चम्पावत का निरीक्षण कर रात्रिकालीन चिकित्सा सेवाओं की स्थिति, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं एवं चिकित्सकों व स्टाफ की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपातकालीन कक्ष, जनरल वार्ड, महिला वार्ड, नर्सिंग स्टाफ रूम एवं अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया।

उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों और डॉक्टरों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था की जानकारी ली तथा अस्पताल में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने डॉक्टरों की रात्रि ड्यूटी की स्थिति का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के समय आपातकालीन कक्ष में कोई भी मरीज उपस्थित नहीं था। जिलाधिकारी ने कहा कि रात्रि ड्यूटी पर तैनात सभी चिकित्सक एवं स्टाफ अपनी निर्धारित शिफ्ट में उपस्थित रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार सुनिश्चित करें।

उन्होंने ब्लड बैंक की स्थिति, नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता और अस्पताल परिसर की स्वच्छता की भी समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रात्रि में आने वाले मरीजों के साथ आने वाले अटेंडेंट्स के ठहरने के लिए समुचित स्थान की व्यवस्था की जाए।

डॉक्टरों के साथ हुई बातचीत में अस्पताल में एडवांस लाइफ सेविंग एम्बुलेंस की आवश्यकता पर चर्चा हुई, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्यवाही कराए जाने का आश्वासन दिया।

साथ ही, उन्होंने अस्पताल तक आने वाले मार्ग को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि मरीजों एवं आमजन को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम.एस. ह्यांकी सहित चिकित्सालय का संपूर्ण चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक स्टाफ उपस्थित रहा।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement