चम्पावत ने हर्षोल्लास से मनाया 29वाँ स्थापना दिवस, आदर्श जनपद बनाने का लिया संकल्प* ।

Spread the love

चम्पावत 15 सितम्बर 2025

*चम्पावत ने हर्षोल्लास से मनाया 29वाँ स्थापना दिवस, आदर्श जनपद बनाने का लिया संकल्प*

*विचार गोष्ठी में उभरे बहुआयामी विकास के सुझाव, चम्पावत 29वें स्थापना दिवस पर नई दिशा की ओर*

जिला चम्पावत ने आज हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ अपना 29वाँ स्थापना दिवस मनाया। वर्ष 1997 में पिथौरागढ़ से पृथक होकर बने इस जनपद ने विकास, पर्यटन एवं सामाजिक प्रगति की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।

आज स्थापना दिवस के अवसर पर जिला सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के सम्मनित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने जनपद को आदर्श जनपद बनाने की शपथ ली। विचार गोष्ठी में उपस्थित सम्मानित अतिथियों द्वारा जिले के बहुआयामी विकास हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए।

इस अवसर पर पूर्व सूचना आयुक्त श्री अनिल पुनेठा ने जनपद स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जिले का एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर उस पर आधारित कार्ययोजना बनानी होगी।

श्री रंजीत मेहता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पीएचडीसीसीआई ने इंफ्रास्ट्रक्चर एवं कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने पर बल दिया। श्री राज शेखर जोशी, उपाध्यक्ष, सेतु आयोग ने कृषि क्षेत्र में एक्शन ओरिएंटेड नीति अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडे ने सीड कल्टिवेशन पर कार्य करने की आवश्यकता बताई। विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की “आदर्श जनपद” परिकल्पना को साकार करने हेतु तीव्र गति से कार्य करने पर जोर दिया।

विचार गोष्ठी में विभिन्न गणमान्य जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने यह भी सुझाव दिए गए कि चम्पावत को एजुकेशन हब के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए, चकबंदी सुधार लागू किए जाएं, फलों की प्रोसेसिंग एवं संरक्षण इकाई स्थापित की जाए, जनपद उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग की व्यवस्था की जाए। साथ ही ट्रैफिक मैनेजमेंट, सुगम सड़क नेटवर्क एवं पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुरूप चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने हेतु समन्वित प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनपद की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं मानव संसाधन संपदा को विकास की मुख्यधारा में जोड़ते हुए चम्पावत को प्रदेश और देश में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि चम्पावत विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है—चाहे वह शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, महिला सशक्तिकरण या आधारभूत संरचना का क्षेत्र हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में जनपद को एजुकेशन हब, पर्यटन गंतव्य एवं स्वरोजगार केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना लागू की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे मिलकर जिले को समग्र विकास की राह पर अग्रसर करने में सक्रिय योगदान दें।

इस दौरान नगर पालिका अध्य्क्ष श्रीमती प्रेमा पांडे, श्री गोविंद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत श्रीमती अंचला बोहरा, जिला पंचायत सदस्य श्री के सी जोशी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री निर्मल मेहरा, अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा, चम्पावत जिला संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्री बसंत तड़ागी सहित व्यापार मंडल के सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार बंधु, विभिन्न क्षेत्रों से ग्राम प्रधान, जिला स्तरीय अधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।