बर्ड फ्लू की रोकथाम : संवेदनशील क्षेत्रों से लिए गए सैंपल, जनपद में सतर्कता बढ़ी* ।

मानेश्वर समाचार।

चम्पावत 20 अगस्त 2025

*बर्ड फ्लू की रोकथाम : संवेदनशील क्षेत्रों से लिए गए सैंपल, जनपद में सतर्कता बढ़ी*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में बर्ड फ्लू (H5N1) संक्रमण की आशंका को देखते हुए जनपद चंपावत में पशुपालन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि अब तक जनपद में बर्ड फ्लू का कोई भी मामला सामने नहीं आया है, अतः लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

डॉ. गर्ब्याल ने जानकारी दी कि संवेदनशील क्षेत्रों बनबसा एवं टनकपुर से 30 सैंपल भोपाल स्थित हाई पैथोलॉजी लैब को परीक्षण हेतु भेजे गए हैं। साथ ही, अन्य जिलों से मुर्गियों और अंडों का प्रवेश रोकने के लिए जिला सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। जिलेभर में लगातार निगरानी और सर्वे कार्य जारी है।

बचाव के लिए एडवाइजरी

पशुपालन विभाग ने मुर्गी पालकों, व्यापारियों और आमजन से संक्रमण की रोकथाम हेतु विशेष सावधानियां बरतने की अपील की है—

✅ मीट व्यापारी मांस की ड्रेसिंग के बाद पंख एवं अवशेषों का उचित निस्तारण करें और दुकान के आसपास नियमित सफाई के साथ चूने का छिड़काव करें।

✅ मुर्गी फार्म में कार्य करते समय ग्लव्स एवं मास्क का प्रयोग अनिवार्य करें और बाड़ों की नियमित सफाई करें।

✅ जीवित मुर्गियों एवं अंडों को छूने के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं।

✅ कुक्कुट मांस को 70–75 डिग्री सेल्सियस पर कम से कम आधे घंटे तक पकाकर ही सेवन करें।

❌ कच्चे या अधपके मांस व अंडों का सेवन न करें।

❌ बीमार या मृत पक्षियों के सीधे संपर्क से बचें।

❌ अनावश्यक व्यक्तियों को पोल्ट्री फार्म में प्रवेश न दें और स्वयं भी अन्य फार्मों में न जाएं।

❌ जंगली अथवा पड़ोस की मुर्गियों को अपनी मुर्गियों के संपर्क में न आने दें।

डॉ. गर्ब्याल ने कहा कि पूरी तरह से पका हुआ मांस और अंडा खाना पूरी तरह सुरक्षित है, अतः अफवाहों से बचें और केवल वैज्ञानिक तथ्यों पर विश्वास करें। किसी भी समस्या या संदिग्ध स्थिति की सूचना तत्काल पशुपालन विभाग को दें।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement