नशा उन्मूलन के लिए प्रशासन ने कसी कमर, और जगह -जगह चलाए जागरुकता अभियान।

  •  मानेश्वर समाचार।

चम्पावत 29 मई 2025

 

*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनकोर्ड(NCORD) बैठक सम्पन्न, नशा उन्मूलन पर विशेष बल*

 

जनपद चंपावत में मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत *29 अप्रैल से 27 मई 2025 के मध्य एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 9 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें 13 अभियुक्तों को नामजद किया गया है*।

 

इसके अतिरिक्त, *वर्ष 2025 में माह मई तक जनपद में 456 नाली क्षेत्रफल में अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती को नष्ट किया गया है।* अवैध भांग खेती के विरुद्ध विनष्टीकरण की कार्यवाही सतत रूप से जारी है।

 

जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में नशा उन्मूलन अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम सक्रिय रूप से संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में स्कूलों, कॉलेजों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रैलियों, गोष्ठियों एवं सेमिनारों का आयोजन कर युवाओं एवं आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है।

 

एनकोर्ड समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए *जिलाधिकारी श्री नवनीत पांडे ने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण सहित सभी विभागों के मध्य समन्वित एवं ठोस प्रयासों की आवश्यकता है*। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सेवन की रोकथाम हेतु नियमित छापेमारी और अभियान संचालित किए जाएं।

 

बैठक में *पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है।* उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा विक्रेताओं के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

 

*जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को जनपद में भांग की अवैध खेती के विरुद्ध सघन विनष्टीकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता एवं चेकिंग अभियानों को बढ़ाए जाने के निर्देश भी बैठक में पारित किए गए। मादक पदार्थों की गोपनीय तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु खुफिया तंत्र को सक्रिय करने पर बल दिया।*

 

जिलाधिकारी ने बॉर्डर क्षेत्रों में अवैध तस्करी को रोकने हेतु विशेष गश्त, सतत चेकिंग और लक्षित अभियान संचालित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में तस्करी की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा आवश्यकता अनुसार सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई की जाए।

 

इसके साथ ही, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यक्षमता बढ़ाने एवं नशा पीड़ित व्यक्तियों के पुनर्वास हेतु व्यवस्थित प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

बैठक में *जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि “नशा मुक्त चंपावत” की संकल्पना को साकार करने हेतु प्रशासन एवं पुलिस तंत्र पूर्ण निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।*

 

बैठक में उप जिलाधिकारी आकाश जोशी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से), मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षाअधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट, जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र लाल शाह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री आर.एस. सामंत, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज साह सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief संवाददाता पूजा भट्ट की रिपोर्ट।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement