जनता मिलन में सुनवाई के साथ मिल रहा समाधान भी, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश* ।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

चंपावत 18 अगस्त 2025

*जनता मिलन में सुनवाई के साथ मिल रहा समाधान भी, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश*

*जनता मिलन कार्यक्रम में आई कुल 35 शिकायतें, जिलाधिकारी ने जनहित मुद्दों ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट आदेश*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा सोमवार को चंपावत में आयोजित जनता मिलन दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं।

जिलाधिकारी ने जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। इस दौरान पेयजल, विद्युत, सड़क, कृषि और पशुपालन से संबंधित 35 मामले आए।शिकायतें एवं जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश इस प्रकार रहे ग्राम राकड़ी फुलारा निवासी श्री तारादत्त पंगरिया ने अपने गांव में विद्युत लाइन की समस्या से अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ग्राम जमतोला (सिफ्टी) के श्री कैलाश सिंह और अन्य ग्रामीणों ने राजकीय पशु चिकित्सालय, सिफ्टी के सीमांकन की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी, चंपावत और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को तत्काल सीमांकन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।चम्पावत के श्री लक्ष्मण सिंह और अन्य पोल्ट्री फार्मरों द्वारा MSME योजनांतर्गत समस्या के संबंध में जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र और लीड बैंक प्रबंधक को मानकों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।ग्राम धौनीशिलिंग के श्री होशियार सिंह, मनोज सिंह और राजेंद्र ने पेयजल टैंक के पुनर्निर्माण की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल संस्थान को एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही करने को कहा। वहीं, ग्राम घिघारुकोट के श्री प्रकाश पांडे ने पेयजल लाइन बनवाने और सामाजिक कार्यकर्ता श्री भुवन सिंह बिष्ट ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को पूरा कराने की मांग की। इन सभी मामलों में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।ग्राम पंचायत बड़पास के श्री मनोज जुकारिया व अन्य ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण की मांग की, जिस पर जिला विकास अधिकारी को ब्लॉक से कार्य कराने के निर्देश दिए गए। श्री गणेश दत्त पांडे ने विधायक निधि से बनने वाली सड़कों को तकनीकी मानकों से निर्मित करने का मुद्दा उठाया, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।श्री दीवान सिंह ने कृषि योग्य भूमि को जंगली जानवरों से बचाने हेतु तार-बाड़ की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को मानकों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इसके अतिरिक्त श्री दुर्गादत्त जोशी, श्री दीपक तिवारी, श्री अमरनाथ अगड़कोटी, श्री धर्मानन्द, श्रीमती महेश्वरी देवी, श्री अनिल जोशी, श्री अमरनाथ गड़कोटी, श्री प्रेमबल्लभ, श्रीमती प्रीति भट्ट, श्री भरत, श्री मनोज सिंह, श्री सोनू बिष्ट, सुश्री दिशा वाल्मीकि, श्री मोहन चंद्र राय और श्री नन्दू पांडे ने भी विभिन्न शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने उनकी शिकायतों को भी संबंधित विभागों को भेजते हुए, त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ० जी एस खाती, उप जिलाधिकारी चंपावत अनुराग आर्य, लोहाघाट नीतू डांगर, टनकपुर आकाश जोशी (वीसी से), मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान बिलाल यूनुस, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड विजय सकारिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे ।

Jaya punetha editor in chief ।