मतदान दलों की रवानगी प्रकिया का जिलाधिकारी ने लिया जायजा ,दिए सतर्कता और संवेदनशीलता के निर्देश ।

 मानेश्वर समाचार।

चंपावत 27 जुलाई 2025

*मतदान दलों की रवानगी प्रक्रिया का जिलाधिकारी ने लिया जायज़ा, दिए सतर्कता और संवेदनशीलता के निर्देश*

 

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन–2025 के दूसरे चरण के मतदान के अंतर्गत चम्पावत एवं बाराकोट विकास खंडों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में प्रारंभ हो गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से, मतदान दलों की रवानगी से पूर्व वाहन चालकों का अल्कोमीटर परीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही को रोका जा सके और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो।

 

चंपावत विकास खंड से पहली पोलिंग पार्टी नन्दोला हेतु तथा बाराकोट विकास खंड से पहली पोलिंग पार्टी मऊ हेतु रवाना हो चुकी है। मतदान दलों को आवश्यक प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री और दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं, जिसके उपरांत उन्हें उनके निर्धारित मतदान केंद्रों की ओर भेजा जा रहा है।

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने गौरलचौड़ मैदान से पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरी प्रक्रिया में अनुशासन, पारदर्शिता और समन्वय बनाए रखा जाए।

 

इस दौरान जिलाधिकारी ने पोलिंग पार्टियों को सुझाव देते हुए कहा कि “आप सभी निर्वाचन प्रक्रिया के अहम भागीदार हैं। अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ करें। किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता होने पर तत्काल प्रशासन से संपर्क करें। सभी कर्मचारी अपने व्यवहार से लोकतांत्रिक प्रणाली में जनता का विश्वास और मजबूत करें।”

 

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ जी एस खाती, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी आदि मौजूद रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement