त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 : मतदान स्थलों का निरीक्षण , मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित ।

मानेश्वर समाचार।

12 जुलाई 2025

*त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025: मतदान स्थलों का निरीक्षण, मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित*

 

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 : मतदान स्थलों का निरीक्षण , मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित ।

*सुरक्षित और सुचारू मतदान हेतु जिलाधिकारी के निर्देश पर व्यापक निरीक्षण*

 

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु जनपद के सभी विकासखंडों में संवेदनशील एवं सुदूरवर्ती मतदान केंद्रों का निरीक्षण कार्य प्रगति पर है।

 

इसी क्रम में उपजिलाधिकारी टनकपुर श्री आकाश जोशी के निर्देशन में राजस्व, ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा चंपावत ब्लॉक के दूरस्थ ग्रामसभा बुडम के कठौल गांव में निरीक्षण किया गया। खंड विकास अधिकारी चंपावत श्री अशोक अधिकारी ने मतदान स्थल का निरीक्षण कर समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा मतदान दिवस तक सभी आवश्यक सुविधाएं पूर्ण रूप से उपलब्ध होना सुनिश्चित किया।

 

*विशेष रूप से मतदाताओं की सुविधा हेतु सरड़ा नदी पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए खंड विकास अधिकारी द्वारा कनिष्ठ अभियंता (मनरेगा) को 3×3 मीटर का चेक डैम शीघ्र निर्माण कराने के निर्देश दिए गए ताकि ग्रामीणों को नदी पार करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।*

 

पूर्व में भी श्री अधिकारी द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय खिरद्वारी का निरीक्षण किया गया, जहाँ मतदान केंद्र की मूलभूत सुविधाओं – स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली आदि – की स्थिति का गहन परीक्षण कर आवश्यक सुधार हेतु निर्देशित किया गया।

 

खंड विकास अधिकारी पाटी श्री अवनीश सिंह द्वारा संबंधित विभागों के साथ बूथ प्रबंधन संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी व्यवस्थाओं को सुचारू, सुरक्षित एवं निष्पक्ष बनाए रखने हेतु समन्वय व कार्ययोजना पर चर्चा की गई, साथ ही सम्बन्धित अधिकारियों के साथ मतदान स्थलों का भौतिक निरीक्षण भी किया गया।

 

खंड विकास अधिकारी लोहाघाट श्री कवींद्र रावत द्वारा खाईकोट, निडिल, चमौला, चमदेवल, शिलिंग, डुमडाई सहित कई मतदान स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल एवं बैठने की सुविधा जैसे बिंदुओं पर समीक्षा कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई गयी।

 

उधर, खंड विकास अधिकारी बाराकोट मोनिका पाल द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय रैघांव आदि स्थलों में मतदान केंद्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान दिवस तक सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह से क्रियाशील एवं व्यवस्थित रहें।

 

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी एवं निरीक्षण कार्य लगातार जारी है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराई जा सके।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement