चंपावत ,
*सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत चंपावत में राष्ट्रीय राजमार्गों व प्रमुख सड़कों पर व्यापक रखरखाव एवं सफाई अभियान जारी*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद चंपावत में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत आमजन एवं यात्रियों के आवागमन को सुचारू, सुरक्षित और सुगम बनाने हेतु व्यापक स्तर पर निरोधात्मक एवं रखरखाव कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत मानसून अवधि तथा अतिवृष्टि के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों एवं जिले के अन्य प्रमुख सड़क मार्गों पर पहाड़ियों से आए मलबे एवं बोल्डरों को तुरंत हटाकर यातायात को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है।
इस कार्य में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), लोक निर्माण विभाग (PWD), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) तथा अन्य संबंधित कार्यदायी संस्थाएं निरंतर मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। संवेदनशील स्थानों पर सड़कों के सुदृढ़ीकरण, मलबे के त्वरित निस्तारण और जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और वाहन चालकों को बेहतर दृष्टि-सीमा (विजिबिलिटी) प्रदान करने के उद्देश्य से मार्गों के दोनों ओर व्यापक स्तर पर झाड़ी कटान (बुश कटिंग) कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, सड़कों पर जलभराव की समस्या को रोकने के लिए किनारे बनी नालियों की विशेष सफाई कराई जा रही है, जिससे वर्षा जल का सुचारू निकास संभव हो सके और सड़क मार्ग को क्षति न पहुंचे।
जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निवासियों, यात्रियों तथा जनपद में आने वाले पर्यटकों की यात्रा को पूर्णतः सुरक्षित एवं बाधारहित बनाना है। संभावित मार्ग अवरोधों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सड़कों को निरंतर आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों द्वारा निरंतर क्षेत्र निगरानी की जा रही है।




