चम्पावत,
*मा.मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर टनकपुर में नागरिक समस्या समाधान शिविर, एक ही मंच पर मिलीं विभिन्न सेवाएं*
*समस्या निस्तारण के साथ स्वास्थ्य शिविर, स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी और जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन*
मा.मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को नगर पालिका परिषद टनकपुर परिसर में एक दिवसीय नागरिक समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर पालिका परिषद टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार ने किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने समूह गान के माध्यम से मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ नागरिक शंकर सिंह प्रजापति ने भजन प्रस्तुत कर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने नगरवासियों की ओर से मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिवस मनाया गया।
नागरिक समस्या समाधान शिविर में नगर पालिका से संबंधित परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, गृहकर नामांतरण तथा केंद्र पोषित योजनाओं से जुड़े प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए नागरिकों को विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया।
शिविर में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वार्ड संख्या 01, 03 एवं 09 के आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के शिक्षा एवं बौद्धिक विकास के लिए खिलौने वितरित किए गए। नगर पालिका में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को स्वास्थ्य किट प्रदान की गई तथा नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रीड़ा सामग्री वितरित की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि नागरिक समस्या समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान को सरल बनाना है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के आयोजन आमजन के लिए उपयोगी सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री मनोज कालाकोटी, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य मुन्नी देवी, हेमा जोशी, किरन देवी, उपप्रबंधक मानव संसाधन सुरेश कुमार बाल्मिकी, भुवन चन्द्र पाण्डेय, पुष्पा विश्वकर्मा, पूरन मेहरा, तुलसी कुंवर, नारायण सिंह महर सहित सभासद, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




