मानेश्वर समाचार।
16 जून 2025
*चंपावत के औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर केंद्रित समीक्षा बैठक संपन्न*
*चंपावत को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता, स्थानीय संसाधनों से होगा विकास- श्रीमती अधिकारी*
राज्य महिला उद्यमिता परिषद, उत्तराखंड सरकार की मा० अध्यक्ष श्रीमती रेनू अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला उद्योग केंद्र, पुनेठी (चंपावत) में विभागीय कार्यों की प्रगति एवं औद्योगिक संभावनाओं पर केंद्रित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद चंपावत में औद्योगिक विकास को गति देना, स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करना तथा उद्योग क्षेत्र में आ रही बाधाओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल करना था।
मा० अध्यक्ष श्रीमती रेनू अधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार सीमांत और पर्वतीय जिलों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की “आदर्श चंपावत” की परिकल्पना के अनुरूप जनपद में पर्यटन, कृषि-आधारित उद्योगों और हस्तशिल्प के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें साकार करने की आवश्यकता है।
उन्होंने स्थानीय युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बनाने और स्थानीय संसाधनों के अधिकतम उपयोग से आत्मनिर्भर चंपावत के निर्माण पर विशेष बल दिया।
बैठक में विभिन्न उद्योग मित्रों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें मा० अध्यक्ष ने गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से भी उद्यमियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को समझा। साथ ही महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिए कि सरकार की औद्योगिक योजनाओं का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक उद्यमी लाभान्वित हो सकें।

बैठक में चंपावत के औद्योगिक विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, चंपावत के विशिष्ट कृषि उत्पादों व हस्तशिल्प को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाने के लिए विशेष विपणन रणनीतियाँ अपनाने पर जोर दिया गया। साथ ही पर्यटन आधारित उद्योगों जैसे होमस्टे, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने हेतु नीति सरलीकरण और आवश्यक बुनियादी ढाँचे के विकास पर सहमति बनी।
इसके अतिरिक्त स्थानीय संसाधनों पर आधारित लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) की स्थापना को प्रोत्साहित करने हेतु त्वरित स्वीकृति प्रक्रिया और वित्तीय सहायता की व्यवस्था पर बल दिया गया। स्थानीय युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षित करने के लिए चंपावत में नवीन कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की संभावना पर भी चर्चा की गई। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सड़कों, बिजली आपूर्ति और इंटरनेट जैसी आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन की आवश्यकता पर भी विचार किया गया।
मा० अध्यक्ष ने सभी हितधारकों से औद्योगिक विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से चंपावत जनपद न केवल आर्थिक रूप से सशक्त होगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में मा० विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे, सभासद छतार वार्ड श्रीमती प्रेमा चिलकोटी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र श्री पंकज तिवारी, प्रबंधक सुश्री सुमेधा पंत, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, विभिन्न उद्योग मित्र एवं जिला उद्योग केंद्र के अधिकारीगण उपस्थित रहे।




