*चम्पावत 08 जून, 2026
*टनकपुर में अग्निशमन विभाग का निरीक्षण अभियान: सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव के निर्देशों के क्रम में विशेष फायर रिस्क निरीक्षण अभियान के अंतर्गत सोमवार को फायर स्टेशन टनकपुर द्वारा टनकपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंटों व बैंक्वेट हॉलों का औचक निरीक्षण किया गया।
इस चेकिंग अभियान के तहत फायर स्टेशन प्रभारी श्री अमर सिंह अधिकारी के निर्देशन में लीडिंग फायरमैन वीरेन्द्र कुमार द्वारा क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से टनकपुर स्थित ब्लू एम्पायर होटल, होटल श्री श्याम तथा आमबाग क्षेत्र के हरि गार्डन बैंक्वेट हॉल की सघन जांच की गई।
निरीक्षण अभियान के अंतर्गत इन सभी संस्थानों में स्थापित अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता, विद्युत वायरिंग की स्थिति तथा अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) के दस्तावेजों का की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान जिन प्रतिष्ठानों की अग्निशमन व्यवस्थाओं में मानक के अनुरूप कमियां पाई गईं, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित संस्थान के स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
इसके साथ ही सभी संबंधित संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय के भीतर सुरक्षा मानकों के अनुसार व्यवस्थाओं को बेहतर करे, अन्यथा नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




