चंपावत 05 जून 2026
*आगामी मानसून के दृष्टिगत लोहाघाट में खोज-बचाव उपकरणों के संचालन व रखरखाव का दिया गया प्रशिक्षण; ‘सचेत’ ऐप भी कराया डाउनलोड*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में तथा अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी एवं आपदा प्रबंधन अधिकारी के दिशा-निर्देशों के अनुसार, आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) चंपावत के तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इसके अंतर्गत थाना लोहाघाट, फायर स्टेशन लोहाघाट व तहसील लोहाघाट के कुल 25 कार्मिकों को आपदा प्रबंधन मास्टर ट्रेनर व सहायक प्रभारी DDMA चम्पावत द्वारा विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान थाना, फायर स्टेशन व तहसील लोहाघाट में उपलब्ध विभिन्न खोज-बचाव उपकरणों एवं सामग्रियों की कार्यशीलता को परखा गया और उनके आवश्यक रख-रखाव व त्वरित संचालन से संबंधित बारीकियों को सिखाया गया ताकि आपदा के समय बिना किसी देरी के राहत कार्य शुरू किया जा सके। इसके साथ ही, त्वरित मौसम पूर्वानुमान और आपदा की पूर्व चेतावनी प्राप्त करने के लिए सभी कार्मिकों को ‘सचेत’ मोबाइल एप्लिकेशन भी डाउनलोड कराया गया।
सभी कार्मिकों को मानसून के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान थाना लोहाघाट में हेड कॉन्स्टेबल श्री प्रकाश कोहली व अन्य कार्मिक, फायर स्टेशन में लीड फायरमैन श्री हंसदास सागर व अन्य कार्मिक तथा तहसील परिसर में रजिस्ट्रार कानूनगो श्री सुरेश राम व अन्य संबंधित कार्मिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।




