सोशल मीडिया को बनाएं राष्ट्र निर्माण का माध्यम ।

हल्द्वानी, 25 मई ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में युवाओं, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल वॉलेंटियर्स के साथ संवाद करते हुए फेक नैरेटिव और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का एक प्रभावी प्लेटफॉर्म बन चुका है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सत्य, सकारात्मकता और समाजहित के लिए करें तथा भ्रामक और विभाजनकारी सूचनाओं से दूर रहें।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने रोजगार, विकास, संस्कृति और डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका जैसे विषयों पर सवाल पूछे, जिनका मुख्यमंत्री ने स्पष्ट और बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार क्षमता है और वे डिजिटल माध्यमों के जरिए प्रदेश की पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सोशल मीडिया को जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनाया है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया है। इसी दिशा में राज्य सरकार भी युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने राज्य सरकार के प्रमुख निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे कदम युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से लिए गए हैं। साथ ही देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास को नई दिशा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे उत्तराखंड के “डिजिटल ब्रांड एम्बेसडर” बनकर राज्य की सकारात्मक छवि को दुनिया के सामने प्रस्तुत करें।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement