नेपाल सीमा पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण ।

देहरादून/खटीमा। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने गुरुवार को खटीमा क्षेत्र का दौरा कर नेपाल सीमा से सटे मेलाघाट में जगबूढ़ा नदी के भू-कटाव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधीक्षण अभियंता, सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि जहां पर बाढ़ से अधिक खतरा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुरक्षा कार्य कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन स्थानों पर कार्य प्रस्तावित हैं, उनके स्टीमेट तैयार कर जल्द शासन को भेजे जाएं, ताकि समय रहते स्वीकृति मिल सके।

सचिव सुमन ने स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि बाढ़ से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

निरीक्षण के बाद लोहियाहेड कैम्प कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बाढ़ सुरक्षा कार्य वर्षाकाल से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं। साथ ही भविष्य में संभावित खतरे वाले क्षेत्रों के लिए पहले से ही कार्ययोजना तैयार रखने को कहा।बैठक में अपर जिला अधिकारी कोस्तुभ मिश्र और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने जानकारी दी कि नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी से एसएसबी चौकी एवं मेलाघाट सिसैया क्षेत्र को खतरा बना हुआ है, जिसके बचाव हेतु बाढ़ सुरक्षा कार्य आवश्यक हैं। इसके अलावा मोहम्मदपुर भुड़िया क्षेत्र को देवहा नदी के कटाव से बचाने के लिए भी सुरक्षात्मक कार्य प्रस्तावित हैं।

सचिव ने भरोसा दिलाया कि इन सभी कार्यों के लिए शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके।

 Jaya punetha editor in chief ।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement