चम्पावत 13 जून 2026
*फर्नहिल ट्रेंचिंग ग्राउंड में 80 प्रतिशत पूर्ण हुआ लेगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल जनपद की दिशा में बड़ा कदम*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत विजन तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में जनपद में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा फर्नहिल स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्षों से संचित लेगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है।
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा लगभग 13,648 मीट्रिक टन (एमटी) लेगेसी वेस्ट का बायो-रिमेडिएशन एवं बायो-माइनिंग तकनीक के माध्यम से प्रसंस्करण किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत 117 लाख रुपये है, जिसके लिए राज्य सरकार द्वारा रिंग फेंस्ड अकाउंट से धनराशि उपलब्ध कराई गई है।
परियोजना के अंतर्गत अब तक लगभग 80 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। कार्य पूर्ण होने के उपरांत वर्षों से संचित पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो सकेगा तथा ट्रेंचिंग ग्राउंड की भूमि पुनः उपयोग के लिए उपलब्ध हो जाएगी। इससे क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी, बल्कि लोहाघाट नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगी।
नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा संचालित यह परियोजना प्रदेश सरकार की स्वच्छता एवं सतत विकास की प्रतिबद्धता को धरातल पर साकार करने का एक प्रभावी उदाहरण है।
Jaya punetha editor in chief ।




