बाराकोट ब्लॉक में पंचायत चुनाव तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा , दिए त्वरित समाधान व सख्त निर्देश।

Spread the love

 मानेश्वर समाचार।

02 जुलाई 2025

 

*बाराकोट ब्लॉक में पंचायत चुनाव तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, दिए त्वरित समाधान व सख्त निर्देश*

 

*मतगणना स्थल, स्ट्रॉन्ग रूम, मूलभूत सुविधाओं और प्रत्याशियों की समस्याओं को लेकर दिखी प्रशासनिक सक्रियता*

 

आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के सफल एवं सुचारु संचालन के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बराकोट ब्लॉक का स्थलीय निरीक्षण कर चुनाव से जुड़ी तैयारियों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतपत्र बिक्री केंद्र, स्ट्रॉन्ग रूम और गार्ड रूम सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चुनावी गतिविधियाँ निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से सम्पन्न कराई जाएं।

 

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्ट्रॉन्ग रूम एवं निर्वाचन से जुड़ी अन्य सभी व्यवस्थाएं बराकोट ब्लॉक कार्यालय परिसर में ही सम्पन्न की जाएं, ताकि सुरक्षा और संचालन में कोई असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर बेरिकेडिंग, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सफाई और पार्किंग जैसे मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का भी जायजा लिया तथा इन सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त, पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए, जिससे मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवधान रहित संपन्न हो सके।

 

इस दौरान कुछ प्रत्याशियों द्वारा जाति प्रमाण पत्र एवं बैंक खाता संबंधी समस्याओं की शिकायतें भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने मौके पर इन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कराया, जिससे प्रत्याशियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

इस दौरान उप जिलाधिकारी बाराकोट नितेश डांगर, पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवराज सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार, खंड विकास अधिकारी बाराकोट मोनिका पाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी, ईई ग्रामीण निर्माण विभाग बृजमोहन आर्या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।