22.5 किमी नई सड़क एवं 17.9 किमी अपग्रेडेशन प्रस्तावों को मिली जनपद स्तर से स्वीकृति।

Spread the love

चम्पावत 22 मई, 2026

*22.5 किमी नई सड़क एवं 17.9 किमी अपग्रेडेशन प्रस्तावों को मिली जनपद स्तर से स्वीकृति*

*जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय में जनपद में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यों एवं विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग लोहाघाट तथा सीएनडीएस द्वारा प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति एवं प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत पुराने एवं नए प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए जनपद से कुल 22.5 किलोमीटर नई कनेक्टिविटी सड़क तथा 17.9 किलोमीटर सड़क अपग्रेडेशन कार्यों के प्रस्तावों को स्वीकृत करते हुए अग्रसारित किया गया।

मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग लोहाघाट द्वारा उप जिलाधिकारी लोहाघाट आवास एवं पार्किंग निर्माण हेतु प्रस्तावित 1304 लाख रुपये की परियोजना पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भवन का जीर्णोद्धार पारंपरिक एवं ब्रिटिशकालीन स्थापत्य शैली के अनुरूप किया जाए, जिससे ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही प्रस्तावित दो मंजिला पार्किंग एवं मीटिंग हॉल निर्माण कार्यों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में प्रस्तावित 282 लाख रुपये की लागत से लोहाघाट रामलीला मैदान के जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने दर्शक दीर्घा को कुमाऊँनी पारंपरिक शैली में विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय संस्कृति एवं स्थापत्य की पहचान को बढ़ावा मिल सके।

वहीं सीएनडीएस द्वारा नर्सिंग कॉलेज परिसर के टाइप-2, टाइप-3 एवं टाइप-4 आवासीय भवनों के प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने प्राधिकरण के मानकों एवं उपविधियों के अनुरूप भवनों को चार मंजिला रखने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग लोहाघाट हितेश कांडपाल, अधिशासी अभियंता सीएनडीएस जी.सी. पंत, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।