हरिद्वार के लक्सर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई नवविवाहिता को पुलिस ने ढूंढ निकाला है। महिला बिहार के बेगूसराय से मिल गई है। नवविवाहिता अपनी मर्जी से गई थी। महिला के अचानक गायब होने के कारण रहे उसके बयान के बाद ही साफ हो पायेगा। पुलिस ने नवविवाहिता को परिजनों के सुपुर्द करने जा रही है।
गौरतलब है कि 5 मई की रात को लक्सर रेलवे स्टेशन के पास से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई 29 साल की नव विवाहिता की गुमशुदगी सामने आयी थी। कानपुर की रहने वाली नवविवाहिता की हाल ही में शादी हुई थी. 5 मई को दंपति केदारनाथ दर्शन करने के बाद नंदा देवी एक्सप्रेस से गाजियाबाद लौट रहे थे।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि हरिद्वार पुलिस ने नवविवाहिता को बीती 10 मई को बिहार के बेगूसराय से खोज लिया है। वह सुरक्षित है और फोन पर उनकी मां से भी बातचीत हो गई है। उन्हें जल्द ही लक्सर लाया जाएगा और बयान दर्ज कराए जाएंगे। पूछताछ में सामने आया है कि महिला अपनी मर्जी से गई थी और जाने के पीछे क्या कारण रहे होंगे, यह सब बयान के बाद ही पता चल पाएगा।
जांच में नवविवाहिता की लोकेशन लक्सर क्षेत्र के आसपास आई थी। इसलिए परिजनों की शिकायत पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच टीमें कई क्षेत्रों को रवाना रवाना की गई।
शादी के बाद दंपति उत्तराखंड धार्मिक यात्रा पर आए थे. नवदंपति केदारनाथ धाम से दर्शन कर गाजियाबाद लौट रहे थे। नींद की झपकी आने के बाद जब पति की आंख मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन के पास खुली तब पत्नी को गायब पाया और उसके बाद खोजबीन शुरू की गई। परिजन भी गहनता से उसकी तलाश में जुटे रहे।
महिला के भाई ने बताया कि देहरादून से बहन और जीजा ने ट्रेन पकड़ी थी। हरिद्वार तक दोनों जाग रहे थे और इसके बाद उनके जीजा सो गए थे। जब मुजफ्फरनगर के पास उन्होंने नवविवाहिता को देखा तो वो ट्रेन से गायब मिली। ट्रेन में खोजबीन करने के बावजूद भी नवविवाहिता का कुछ पता नहीं चला। जानकारी करने पर पता चला कि उनकी आखिरी लोकेशन लक्सर में दिखाई दी।
Jaya punetha editor in chief ।



