चंपावत 30 अक्टूबर 2025
*पाटी ब्लॉक के पखौटी और कनवाड़ में 221 पशुओं का खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव हेतु टीकाकरण*
राजकीय पशु चिकित्सालय सचल, चंपावत द्वारा पशुधन के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ब्लॉक पाटी के ग्राम पखौटी एवं कनवाड़ में एक वृहद टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय पशुपालकों के पशुधन को गंभीर खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग से बचाने हेतु प्रतिरक्षित करना था, जिससे बीमारी के प्रसार को रोका जा सके और पशुपालकों की आय को सुरक्षित किया जा सके।
पशु चिकित्सा दल ने पूरे समर्पण के साथ कार्य करते हुए कुल 221 पशुओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया। शिविर के दौरान, 113 बकरियां, 89 गौवंशीय पशु (गाय, बैल आदि), और 19 महिश वंशीय पशु (भैंस) में खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव हेतु टीके लगाए गए। पशु चिकित्सा अधिकारी ने इस दौरान उपस्थित पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, मौसमी बीमारियों से बचाव तथा पशुधन प्रबंधन की उन्नत तकनीकों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी, ताकि पशुओं की उत्पादकता और स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाया जा सके।
इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने में पशु चिकित्सा अधिकारी सचल डॉ. वैशाली साह (जिन्होंने टीम का नेतृत्व किया), पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी श्री कैलाश चंद्र जोशी, समेत वाहन चालक श्री दिनेश चंद्र की सक्रिय उपस्थिति रही।
Jaya punetha editor in chief ।



