मानेश्वर समाचार।
19 जुलाई 2025
*त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025: मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न*
जनपद चंपावत में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत शनिवार को राजकीय प्रेक्षागृह, चंपावत में विकासखंड चंपावत के लिए नामित मतदान कार्मिकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलता पूर्वक आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विकासखंड पाटी के समस्त मतदान अधिकारी (प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ), सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट सक्रिय रूप से शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा उपस्थित कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया के पूर्व, दौरान और उपरांत की समस्त आवश्यक गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में मतदान सामग्री की सूची का सत्यापन, पीठासीन अधिकारी की डायरी संधारण, प्रपत्रों की पूर्ति, मतपत्र लेखा, पेपर सील लेखा और सुभिन्नक मुहर के प्रयोग जैसी बारीकियों को प्रमुखता से समझाया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. खाती ने कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर डॉ. एम.पी. जोशी, श्री जीवन कॉलोनी, श्री प्रकाश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट, तथा मतदान अधिकारी उपस्थित रहे।




