मानेश्वर समाचार।
05 अगस्त 2025
*जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में 1 अगस्त से यातायात जागरूकता अभियान जारी*
*दोपहिया चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति किया जा रहा जागरूक, नियमों का पालन ही सुरक्षा की गारंटी*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद चंपावत में 1 अगस्त से यातायात जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना और दुर्घटनाओं की संख्या में प्रभावी कमी लाना है।अभियान के तहत परिवहन विभाग की टीमों द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर यातायात चेकिंग व संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दोपहिया चालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, तेज गति से वाहन न चलाने, तथा पीछे बैठी सवारी द्वारा भी हेलमेट पहनने जैसे नियमों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।एआरटीओ टनकपुर श्री मनोज बगोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल चालान करना नहीं है, बल्कि आमजन में नियमों के पालन की आदत विकसित करना और उन्हें सड़क पर सतर्कता बरतने हेतु प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि “सड़क पर सतर्कता और नियमों का पालन ही जीवन की सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।”इस अभियान के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा नागरिकों से संवाद स्थापित कर यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया गया। लोगों को बताया गया कि उनका सहयोग ही जनपद को सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित बनाने में सहायक होगा।जिला प्रशासन द्वारा यह अभियान आगामी दिनों में भी सतत रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में व्यापक जागरूकता लाई जा सके।




