मानेश्वर समाचार।
चंपावत 28 जुलाई 2025
*त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2025: मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव पर दिया जोर*
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के अंतर्गत जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने विकासखंड चंपावत के अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों, विशेषकर चौड़ा राजपुरा पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. खाती ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा मतदान प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मतदान कर्मियों से बातचीत कर आवश्यक निर्देश दिए और यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक मतदाता को सुगमता से मतदान करने की सुविधा मिले।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव सम्पन्न कराना है। इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने हेतु अधिकारीगण सजग एवं सतर्क रहें, जिससे मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
डॉ. खाती ने उपस्थित कर्मियों को निर्देशित किया कि दिव्यांग, वृद्ध एवं महिला मतदाताओं के लिए विशेष सहयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे बिना किसी असुविधा के मतदान कर सकें।
Jaya punetha editor in chief।



