टनकपुर क्षेत्र में चला ” पैन इंडिया रेस्क्यू अभियान “: बाल श्रम का नहीं मिला कोई मामला ।

मानेश्वर समाचार।

चंपावत 21 जुलाई 2025

 

*टनकपुर क्षेत्र में चला “पैन इंडिया रेस्क्यू अभियान”: बाल श्रम का नहीं मिला कोई मामला*

 

बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता और सख्त निगरानी के तहत सोमवार को चंपावत जनपद के टनकपुर क्षेत्र (शारदा चुंगी एवं नेपाल बॉर्डर क्षेत्र) में “पैन इंडिया रेस्क्यू अभियान” के अंतर्गत एक विशेष बाल श्रम निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का संचालन जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा किया गया, जिसमें श्रम विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीमें संयुक्त रूप से सम्मिलित रहीं।

 

अभियान के दौरान निरीक्षण टीमों ने टनकपुर क्षेत्र में स्थित होटलों, ढाबों, दुकानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों का गहन सर्वेक्षण और भौतिक निरीक्षण किया। टीमों ने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का विवरण सावधानीपूर्वक जांचा, ताकि कहीं भी कोई बाल श्रमिक कार्यरत हो तो उसकी पहचान की जा सके।

 

निरीक्षण के दौरान किसी भी स्थान पर कोई भी बाल श्रमिक कार्यरत नहीं पाया गया। अभियान के अंतर्गत टीमों ने प्रतिष्ठान स्वामियों को बाल श्रम के दुष्प्रभावों और कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि बाल श्रम न केवल बच्चों के वर्तमान को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य को भी बाधित करता है। इसके साथ ही, सभी प्रतिष्ठानों से अपने यहाँ बाल श्रमिक कार्यरत न होने संबंधी शपथ-पत्र भरवाए गए।

 

यह अभियान न केवल बाल श्रम उन्मूलन की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि जनपद चंपावत बाल श्रम मुक्त समाज की ओर आगे बढ़ रहा है। भविष्य में भी इसी प्रकार के निरंतर और सघन निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, जिससे किसी भी स्थिति में बाल श्रम को बढ़ावा न मिल सके और सभी बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित बचपन का अधिकार सुनिश्चित हो सके।

इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement