वैश्य समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए 5 जुलाई को होगा नवम परिचय सम्मेलन ।

Spread the love

देहरादून 01 जून । भारतीय वैश्य महासंघ महानगर देहरादून द्वारा सोमवार को प्रेस क्लब सभागार, परेड ग्राउंड में आयोजित पत्रकार वार्ता में आगामी 5 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले नवम वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन की जानकारी दी गई।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रविवार, 5 जुलाई 2026 को अतिथि कम्युनिटी सेंटर, हरिद्वार रोड, देहरादून में निशुल्क वैश्य विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से विवाह योग्य युवक-युवतियां अपने लिए उपयुक्त जीवनसाथी का चयन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि वैश्य समाज में अग्रवाल, महावर, रस्तोगी, जैन, वार्ष्णेय, खंडेलवाल, कलवार, जायसवाल, राजवंशी सहित लगभग 400 उपजातियां शामिल हैं।प्रदेश संयोजक ने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभव बताते हैं कि इस परिचय सम्मेलन में उत्तर भारत ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से युवक-युवतियां भाग लेने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि बदलती सामाजिक परिस्थितियों में अनेक युवक-युवतियां 30 से 35 वर्ष की आयु तक विवाह नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में उपयुक्त मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय वैश्य महासंघ पिछले 11 वर्षों से इस आयोजन का सफल संचालन कर रहा है, जिसके माध्यम से सैकड़ों परिवारों के घर बस चुके हैं।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और बदलती सामाजिक संरचना के कारण युवाओं को योग्य जीवनसाथी चुनने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पहले रिश्तेदार और शुभचिंतक विवाह संबंध स्थापित कराने में सक्रिय भूमिका निभाते थे, लेकिन समय के साथ यह परंपरा कमजोर हुई है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए महासंघ ने समाज के युवक-युवतियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया है।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के अवसर पर एक परिचय पुस्तिका का भी विमोचन किया जाएगा, जिसमें विवाह योग्य युवक-युवतियों का फोटो सहित विस्तृत विवरण प्रकाशित रहेगा। इच्छुक युवक-युवतियां भारतीय वैश्य महासंघ की वेबसाइट अथवा निर्धारित प्रपत्र भरकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। परिचय पुस्तिका प्राप्त करने के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना आवश्यक होगा। महासंघ दहेज रहित विवाह को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार प्रयासरत है।पत्रकार वार्ता में महिला मंडल अध्यक्ष , उपाध्यक्ष वर्षा गोयल, मीनाक्षी अग्रवाल, अनु गोयल, चारु गोयल, नीरा मित्तल, पूजा सिंघल, रेनू अग्रवाल, रीनू गुप्ता, महेश चंद्र गर्ग, संजय गुप्ता, विजय गुप्ता, भुवन सिंगल, क्रांति सिंगल, आनंद गर्ग, संजय गर्ग, मुकुल गुप्ता, संजीव गुप्ता, आशुतोष गोयल, विनीत कुमार, अनिल गोयल, महानगर कोषाध्यक्ष अजय गर्ग, मनोज गोयल, विजेंद्र कुमार गोयल तथा मीडिया प्रभारी संजय कुमार गर्ग सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।