जल निगम के अधिशाषी अभियंता के घर का पेयजल संयोजन एक हफ्ते के लिए काटकर उन्हें एहसास कराया जाए की बिना पानी के 13 विद्यालयों के बच्चे कैसे कठिनाइयां झेल रहे होंगे ? – जिलाधिकारी ।

Spread the love

जल निगम के अधिशाषी अभियंता के घर का पेयजल संयोजन एक हफ्ते के लिए काटकर उन्हें एहसास कराया जाए की बिना पानी के 13 विद्यालयों के बच्चे कैसे कठिनाइयां झेल रहे होंगे ? – जिलाधिकारी

जिला जल समिति का गठन कर पेयजल से संबंधित विभागों को लाया जाए एक मंच में ।

चंपावत। सरकार द्वारा भारी भरकम धनराशि खर्च करने के बावजूद भी यदि लोगों की प्यास बुझाने के लिए अधिकारी गंभीरता से कार्य नहीं कर रहे हैं तो, उससे बड़ा दुर्भाग्य दूसरा कोई नहीं हो सकता। पेयजल की सुविधा से वंचित रखे 13 विद्यालयों के बच्चों की स्थिति का स्वयं अंदाजा लगाया जा सकता है। किंतु अधिकारियों को इससे कोई मतलब नहीं है इन्हीं बातों से क्षुब्ध होकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जल निगम के अधिशाषी अभियंता का एक सप्ताह तक पेयजल संयोजन विच्छेद करने को कहा। जिससे उन्हें यह अनुभूति हो सके कि बिना पानी के बच्चों को कितना कष्ट पैदा हो रहा होगा ? जिला जल समिति एवं जल जीवन मिशन की बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अब वे उन लोगों से ही सीधे पूछ कर पेयजल योजनाओं की भौतिक स्थिति एवं उससे मिल रहे ग्रामीणों को लाभ की जानकारी प्राप्त कर “सोशल ऑडिट” करेंगे, जिनके लिए योजनाएं बनाई जा रही है। बैठक में यह भी विरोधाभास देखने को मिला कि जहां लोग योजना में पानी न आने की बात कर रहे थे तो उधर विभागीय अधिकारी पानी के बराबर सप्लाई होने के दावे कर रहे थे।

तल्ली खरही से आए ग्रामीण का कहना था कि भले ही उनके गांव की पेयजल योजना उन्हें कोई लाभ नहीं दे रही है लेकिन विभाग के लिए प्रतिवर्ष रुपए तो अवश्य उगल ही रही है। जिलाधिकारी ने इसे बेहद गंभीरता से लेते हुए लोगों को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जानकारी देते हुए कहा की यह ऐसी योजना है जिससे पेयजल एवं सिंचाई का दोहरा लाभ लिया जा सकता है। शुरुआती दौर में चंपावत एवं पाटी ब्लॉकों को इस योजना में शामिल किया गया है। जिसमें ग्रामीण जनप्रतिनिधि इसकी प्राथमिकताएं तय करेंगे। जिलाधिकारी ने बैठक में अधिकारियों से पूरी तैयारी एवं जानकारी के साथ आने का निर्देश देते हुए कहा कि बैठकें समय की बर्बादी का नहीं बल्कि लोगों को किस प्रकार बेहतर सेवाएं देने का एक ऐसा महत्वपूर्ण मंच है जिससे लोगो को जल्दी सुविधाएं दी जा सके। इस अवसर पर सारा योजना के कार्यों की भी चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी पेयजल योजनाओं के स्रोतों में पानी के पोषक पौधों का रोपण करने का निर्देश दिया जिससे जल स्तर में वृद्धि की जा सके। बैठक में सीडीओ डॉ जीएस खाती, जल निगम एवं जल संस्थान के अधिशाषी अभियंताओं के अलावा मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार एवं अन्य अधिकारी व ग्रामीण मौजूद थे ।

jaya punetha editor in chief ।

Jaya Punetha

Editor in Cheif (प्रधान संपादक)