चंपावत 03 जून 2026
*जिलाधिकारी ने किया अपशिष्ट निस्तारण स्थल का स्थलीय निरीक्षण*
*समय-सीमा में शत-प्रतिशत पारदर्शी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के दिए निर्देश*
माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के क्रम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने नगर पालिका परिषद चंपावत के ललुआपानी रोड स्थित अपशिष्ट निस्तारण स्थल (लेगेसी वेस्ट ट्रीटमेंट) के कार्यों का मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व्यवस्था एवं कूड़ा निस्तारण से जुड़े मानकों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में बताया कि माननीय एनजीटी में योजित वाद अंतर्गत आगामी सुनवाई प्रस्तावित है, जिसके दृष्टिगत जनपद के सभी नगर निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरणीय सुधार कार्यों तथा स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित अपनी अद्यतन (अपडेटेड) अनुपालन रिपोर्ट निर्धारित समयावधि में निदेशालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कूड़ा निस्तारण एवं अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित आंकड़ों की रिपोर्टिंग पूरी पारदर्शिता और सत्यता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अपूर्ण डेटा अथवा रिपोर्ट प्रस्तुत करने में देरी को गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि माननीय एनजीटी द्वारा निर्धारित समय-सीमा का प्रत्येक दशा में अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं, तो इसे शासन के आदेशों की अवहेलना और दायित्वों के निर्वहन में गंभीर शिथिलता मानते हुए जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का प्रभावी पालन जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
इस निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भारत त्रिपाठी, सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान तथा अधिशासी अभियंता आशीष धीमान सहित अन्य पालिका के कार्मिक उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




