मानेश्वर समाचार।
08 जुलाई 2025
*जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन पुलिस चौकी का किया निरीक्षण*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने मंगलवार को देवीधुरा में निर्माणाधीन दो-मंजिला पुलिस चौकी का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति, भवन की संरचना, सुरक्षा व्यवस्था एवं उपयोगिता संबंधी बिंदुओं की गंभीरता से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान रिटेनिंग वॉल की आवश्यकता, मालखाना तथा लॉकअप की स्थिति का विशेष रूप से अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि यह चौकी देवीधुरा क्षेत्र में सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं आपात परिस्थितियों के त्वरित समाधान हेतु अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। विशेष रूप से बग्वाल मेले जैसे बड़े आयोजनों के दौरान यह पुलिस चौकी कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने कहा कि आगामी बग्वाल मेले को ध्यान में रखते हुए इस पुलिस चौकी का संचालन जल्द प्रारंभ किया जाना आवश्यक है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था मिल सके।
इस दौरान तहसीलदार पाटी जगदीश नेगी, देवीधुरा चौकी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




