चंपावत 02 जून 2026
*मा. मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प को गति दे रहा जिला प्रशासन; सुगम और सुरक्षित यातायात के लिए सड़कों का सुधारीकरण और सफाई कार्य युद्धस्तर पर जारी*
प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी की ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना आज जनपद के प्रत्येक क्षेत्र में धरातल पर उतरती हुई दिखाई दे रही है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय जनता को मिल रहा है। बुनियादी विकास और सड़क परिवहन के क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में जनपद में सम्बंधित विभागीय टीमों द्वारा जनसमस्याओं के निस्तारण और सड़कों के सुधारीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में पाटी तहसील के समीप मैरोली मार्ग क्षेत्र में वर्षा जल निकासी की समस्या के स्थायी निराकरण के लिए विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है ताकि स्थानीय निवासियों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।
इसके साथ ही, यात्रियों और स्थानीय जनता के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए सड़कों के रखरखाव का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है। नवोदय पहुंच मार्ग पर सुगम यातायात के लिए कच्ची नाली के निर्माण और मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियों के कटान का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
दूसरी ओर, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग चम्पावत द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 09 (NH 09) पर सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत फुल्लारगांव के समीप और टनकपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर झाड़ियों की कटाई का काम किया जा रहा है। साथ ही सड़कों के किनारे नालियों की विशेष सफाई का अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे आगामी वर्षा काल में मार्ग पर पानी जमा न हो और दृश्यता प्रभावित न होने से संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।प्रशासन का प्रयास है कि जनपद के सभी मुख्य मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और साफ-सुथरे रहें।
Jaya punetha editor in chief ।




