मानेश्वर समाचार।
6 सितंबर 2025
हिमालयी क्षेत्र की बेटियां खेलों के क्षेत्र में भी अपनी सफलता का राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लहराएंगी अपना परचम- खेल सचिव
मुख्यमंत्री के मॉडल जिले के लोहाघाट में उत्तराखंड के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए स्वीकृत हुई 2.56 करोड़ की धनराशि।
लोहाघाट। वह दिन दूर नहीं जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुसार मॉडल चंपावत जिले से बेटियां अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच में उत्तराखंड के नाम को गौरवान्वित करेगी। उनकी खेल भावनाओं को तरासने के लिए लोहाघाट के छमनिया चौड़ में 2 करोड़ 56 लाख 63 हजार रुपए लागत से उत्तराखंड का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। हालांकि उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़ में स्पोर्ट्स कॉलेज है लेकिन पूरी तरह महिलाओं के लिए समर्पित यह राज्य का ही नहीं बल्कि पड़ोसी राज्यों का पहला ऐसा स्पोर्ट्स कॉलेज बनने जा रहा है। जहां से हिमालयी क्षेत्र की बेटियां खेलों के क्षेत्र में अपनी लगन से गगन छूने का प्रयास कर अपना सुनहरा कैरियर बनाएंगी। यहां स्टेडियम के समीप बन रहे कॉलेज स्थल का आज यहां युवा कल्याण एवं खेल विभाग के सचिव अमित सिन्हा ने अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण करते हुए यह बात कही। जल निगम की निर्माण शाखा द्वारा कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। श्री सिन्हा ने कॉलेज के प्रथम चरण में हॉस्टल, ग्राउंड, प्रशासनिक भवन आदि के निर्माण के लिए डेढ़ वर्ष की लक्ष्मण रेखा खींचते हुए स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उच्च स्तरीय थर्ड पार्टी से कार्यों का मूल्यांकन कराने के बाद ही इसे विभाग अपने हाथ में लेगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव ने कहा छात्राओं के लिए कोचिंग, भोजन, आवास आदि सभी सुविधाएं राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध की जाएगी। यहां का ट्रैक अंतरराष्ट्रीय मानकों का होगा। उत्तराखंड की युवा शक्ति की क्षमता एवं सामर्थ्य से पहले से ही परिचित श्री सिन्हा का कहना है कि लोगों को “नशा मुक्त उत्तराखंड” का निर्माण करने के लिए इस धंधे से जुड़े लोगों को समाज का दुश्मन मानकर सामाजिक लड़ाई लड़नी होगी। इससे पूर्व उत्तराखंड के इस पुलिस के दमदार एवं ईमानदार रहे अधिकारी का जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, एसडीएम नीतू डांगर,जिला खेल अधिकारी चंदन बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत खड़ायत आदि ने उनका भावपूर्ण स्वागत किया।
श्री सिन्हा से यहां के खेल प्रेमियों एवं जनप्रतिनिधियों आदि ने भी मुलाकात की तथा उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल एवं अन्य लोग भी मौजूद थे।
Jaya punetha editor in chief ।



