त्यारकुड़ा की वर्षों पुरानी राह बनेगी आसान।
“कैंप कार्यालय आपके द्वार” कार्यक्रम में उठी समस्या, ₹1.11 करोड़ से बनेगा नाला व पटल मार्ग, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत।
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित “कैंप कार्यालय आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जनसमस्याओं के समाधान की मुहिम लगातार जारी है। इसी क्रम में नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने नगर पालिका परिषद चम्पावत के वार्ड संख्या-2 स्थित त्यारकुड़ा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने आवागमन की गंभीर समस्या उठाते हुए बताया कि संपर्क मार्ग के अभाव में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए नोडल अधिकारी ने मौके पर ही संबंधित जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण में बताया गया कि नगर पालिका परिषद द्वारा पूर्व में इस मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। स्वीकृत योजना के तहत वार्ड संख्या-2 तल्ली मादली क्षेत्र में थैप नौला से त्यारकुड़ा नौला तक नाला एवं पटल निर्माण कार्य पर ₹55.76 लाख तथा दीक्षा हार्डवेयर के समीप पूर्व निर्मित नाले से थैप नौला तक नाला एवं पटल निर्माण कार्य पर ₹55.83 लाख की धनराशि खर्च की जाएगी। करीब ₹1.11 करोड़ की लागत से होने वाले इन कार्यों के पूरा होने के बाद क्षेत्र की वर्षों पुरानी आवागमन समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में “आदर्श चम्पावत” के संकल्प को साकार करने के लिए विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर पांडे भी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई।
Jaya punetha editor in chief ।




